शुक्रवार, 6 मई 2011

मौत की खुशी में!



अफ्रीकी देश घाना से जाकर न्यूयॉर्क में बसे लोगों के बारे में एक रिपोर्ट पढ़ रही हूँ। रिपोर्ट यह है कि घानावासियों में रिवाज है कि किसी की मृत्यु हो तो वे पार्टी देते हैं। पार्टी में अच्छे-अच्छे कपड़े पहनना, खूब नाचना-गाना, खाना और पीना-पिलाना भी होता है। न्यूयॉर्क में बसे घानावासी भी यही करते हैं। देश में किसी की मृत्यु हो या न्यूयॉर्क में ही कोई घानियन मरे तो सब दोस्तों और परिचितों को 'फ्यूनरल-पार्टी" दी जाती है। इसमें परिवारजन मृत व्यक्ति की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनते हैं, उसकी फोटो लगाते हैं। जिसके अपने, जैसे कि समझो माँ की मृत्यु हुई है, वह इस तरह दोस्तों को न्योतता है, 'मैं अपनी माँ के जीवन का जश्न मना रहा हूँ, आपको इस दिन फलाँ जगह आना है।"
हम हिन्दुस्तानियों ने तो मृत्युभोज जैसे शब्द सुने हुए हैं। भारतीय परंपरा में मृत्यु को अंत नहीं माना जाता, बल्कि यह माना जाता है कि आत्मा अब अगले पड़ाव में जाएगी, नए शरीर में फिर जन्म लेगी। कोई यहाँ संपूर्ण जीवन जी लेने के बाद जाता है तो गाजे-बाजे के साथ शवयात्रा निकाली जाती है। मृतक की पसंद का भोजन बनाया जाता है और सबको खिलाया जाता है। इसके पीछे मृत्यु का भी उत्सव मनाने का दर्शन है या नहीं पता नहीं, मगर शायद ये रस्में दु:खी परिजनों को संबल देने के लिए बनी होंगी कि वह खुद को समझा सके कि जीवन अनंत है और वे बिछुड़े नहीं हैं फिर मिलेंगे वगैरह-वगैरह। साथ ही ये रस्में शायद इसलिए बनी होंगी कि दु:खीजन अकेले न पड़ जाएँ, अवसाद में न चले जाएँ, परिचित लोग उनके आसपास हलचल बनाए रखें। कहीं-कहीं तो दु:ख के विरेचन के लिए ऐसी प्रथा भी है कि जैसे ही कोई आगंतुक शोक-बैठक में प्रवेश करता है, महिलाएँ जोर-जोर से रोने की आवाजें निकालने लगती हैं। कुछ नकली रोने वालों के साथ-साथ असल में गुबार निकालने की इच्छा रखने वाले का भी मेंटल ब्लॉक खुल जाता है और सब लिहाज छोड़कर लोग ढाँय-ढाँय रो लेते हैं, हल्के हो जाते हैं। सामाजिकता दु:ख के भार को हल्का तो नहीं करती, पर ढोने में मदद अवश्य कर देती है। लेकिन जैसा कि सामाजिक परंपराओं के साथ अक्सर होता है लोग उनका मूल अर्थ बिसरा देते हैं और उन्हें कुप्रथा के रूप में ढोते हैं। परंपरा धीरे-धीरे रूढ़ि बन जाती है। जैसे घाना वाले मामले में हुआ है। शुरू-शुरू में तो न्यूयॉर्क में 'फ्यूनरल पार्टी" एक जगह एकत्रित होने का, पराए देश में अपने वालों से मिलने का बहाना थी। इसमें फंड रेजिंग भी होता था जिससे मृतक के परिवार को सब मिलकर आर्थिक सहायता कर देते थे। धीरे-धीरे ज्यादा से ज्यादा धमाकेदार पार्टी देना नाक का प्रश्न होता गया। फ्यूनरल पार्टी एक ऐसी प्रतिस्पर्धा बन गई कि किसने किस से ऊँची पार्टी दी इसकी भी चर्चा होने लगी। फिर स्थिति यह आई कि मौत को महज पार्टी देने का बहाना बना लिया गया। किसी की कजिन की भतीजी का पति मरा है वह भी चार महीने पहले तो उसकी भी पार्टी होने लगी।
भारत में भी ऐसी स्थितियाँ दिखती हैं। अब यहाँ मृत्युभोज में जीवन की अनंतता का दर्शन नहीं दिखता। लोग कर्ज लेकर भी गाँव जिमाते हैं क्योंकि यह 'लोग क्या कहेंगे" और प्रतिष्ठा का सवाल हो गया है। रिश्तेदार आपकी भावनाओं का विरेचन कितना कर पाते हैं यह तो पता नहीं लेकिन रस्मों की आड़ में लेन-देन खूब चलता है और नुक्ता-चीनी भी! दूरदराज के रिश्तेदार की मृत्यु पर लोग काम-काज छोड़कर बैठक लगा लेते हैं, भले दु:ख हुआ हो कि नहीं रिवाज निभाया जाता है। भले जब वो रिश्तेदार जीवित हो, बीमार हो, उसे सहायता की जरूरत हो तब घंटेभर का भी समय नहीं निकाला जाता। इन सब बातों के आकलन में रस्मों-रिवाजों को पुन: देखना जरूरी है। इंसान को इंसान की जरूरत होती है। दु:ख में तो और ज्यादा होती है। अत: सामाजिकता तो हो, मगर आडम्बर न हो, रस्में रूढ़ियाँ न बनें, प्रथाएँ कुप्रथा न बनें यह देखना जरूरी है। जहाँ पुनर्विश्लेषण जरूरी है वहाँ वह भी किया जाना चाहिए, भले रस्मों को तोड़ना, रिवाजों को छोड़ना ही क्यों न पड़े।

- निर्मला भुराड़िया

www.hamarivani.comरफ़्तार"><span title=रफ़्तार" title="रफ़्तार" border="0">

शुक्रवार, 29 अप्रैल 2011

अदृश्य औरतों के देश में...



एक ब्रिटिश मुस्लिम डॉक्टर क्वांटा अहमद की एक किताब आई है, 'इन द लैंड इनविजिबल वुमन।" इसे हिन्दी में हम कह सकते हैं 'अदृश्य औरतों के देश में।" डॉ. क्वांटा की स्वयं इस्लाम में बहुत श्रद्धा हैं, माता-पिता द्वारा दिए गए एक अच्छे और सच्चे मुस्लिम बनने के संस्कारों का पालन करती है। मगर सऊदी अरब में एक जॉब में जब वे रहीं और उन्होंने बुरके में शब्दश: कैद स्त्रियों का जीवन देखा, मनमानी और स्वार्थी व्याख्याओं के

चलते, स्त्रियों का दमन देखा तो उन्होंने बगैर परवाह किए कड़वी सच्चाइयाँ लिख डाली। आज उनकी यह पुस्तक इंटरनेशन बेस्ट सेलर्स में से है।

क्वांटा की पुस्तक में कुछ ऐसे सचमुच देखे गए दृश्य हैं। सत्तर वर्षीय एक मरीज मरणासन्ना है। वह इंटेन्सिव केयर यूनिट के बिस्तर पर है। उसने काला नायलोन का बुरका पहना हुआ है, उसके चेहरे पर नकाब डला हुआ है। बुर्के और पर्दे के आर-पार से उसने यत्र-तत्र कई ट्यूब्स डाली गई हैं, वैंटिलेटर भी लगा है। बिस्तर के आस-पास नर्स और फिजिशियन हैं। महिला खाँसती है, या जोर से साँस लेती है तो नकाब इधर- उधर हो जाता है। या नर्स चेहरे से कुछ पोंछती है तो नकाब को थोड़ा खिसकाती है। पर्दे के पार एक पुरुष बेचैन होकर टहल रहा है। बीच-बीच में वह ऊँचे, उत्तेजित स्वर में फिजिशियन से अरबी में कुछ कहता है। वह गुस्सा है। क्वांटा को मालूम होता है कि वह मरीज स्त्री का बेटा है। क्वांटा इस बेटे की माँ की बीमारी के ति चिंता देखकर खुशी होती है। मगर जब फिजिशियन उसे अनुवाद बताते हैं तो पता चलता है कि बेटा इसलिए गुस्सा हो रहा था कि माँ के चेहरे का नकाब बार-बार इधर-उधर हो रहा था। बेटे को माँ की बीमारी की अवस्था से अधिक घर की

तथाकथित मर्यादा की चिंता थी।

क्वांटा ने पाया कि सऊदी अरब में बगैर अबाया (बुर्का) पहने कोई भी महिला घर से बाहर नहीं जा सकती। चाहे वह गैर-मुस्लिम हो या उसका व्यक्तिगत विश्वास इसमें न हो। अबाया पहनना और अपने बालों को ढँककर रखना हर स्त्री के लिए वहाँ कानूनन जरूरी है। कहीं औरतें इसका उल्लंघन तो नहीं कर रही यह

देखने लिए शासन द्वरा अपॉन्ट्स किए गए मुत्तावा यानी धार्मिक पुलिस के लोग जगह-जगह पर नियुक्त

किए गए होते हैं। वहाँ महिलाओं को बगैर किसी पुरुष को साथ लिए कहीं जाने की इजाजत नहीं है। उन पर कानूनी प्रतिबन्ध है कि वे कोई वाहन नहीं चला सकतीं। वहाँ महिलाएं हेयर से सेलून , बुटिक आदि चलाने का काम भी करती हैं तो सीधे नहीं कर सकतीं, उन्हें पिता, भाई, पुत्र आदि किसी को अपने प्रतिनिधि के तौर पर आगे करना होता है, तभी इजाजत होती है। सऊदी अरब वैसे तो मुस्लिम राष्ट्र हमेशा से है लेकिन फिर भी वहाँ औरतों की स्थिति ऐसी नहीं थी। शाह फैजल की हत्या के बाद स्थितियाँ बदली और वहाँ कट्टरपंथी मुत्ताबीन की ताकत आ गई। उन्होंने मनचाही व्याख्याओं के जरिए औरतों पर ढेर सारे बंधन लाद दिए। उपरोक्त दृश्य से ठीक विपरीत खबर है फ्रांस से। वहाँ बुरका पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रतिबंध चीजों को हटाता नहीं है, जिद बना देता है। इस प्रतिबंध की वजह से मुस्लिम समुदाय बुरके को अपनी पहचान, अपनी

आइडेंटिटी के रूप में देखने लगा है। इससे उन महिलाओं का नुकसान हुआ है जो अपनी लड़ाई खुद लड़कर कभी न कभी कैद से मुक्त होती। बाहरी विश्व भी उस लड़ाई में सहयोग देता। मगर बाहरी विश्व कानून बनाकर प्रतिबंध लगा दे जो यह फिर बुरके पर नहीं अपने आपको अभिव्यक्त करने की आजादी पर प्रतिबंध हो जाता है। फिर व्यक्ति छटपटाता है और उसका विरोध करने लगता है। भारत में भी इससे मिलते-जुलते उदाहरण थोड़े बहुत रूप में, कभी-कभी देखने को मिल जाते हैं। कभी-कभी कट्टरपंथी लड़कियों के जींस पर प्रतिबंध लगाने की माँग करने लगते हैं। यह युवतियों को निश्चित ही नागवार गुजरता है। वहीं पिछले दिनों ऐसा भी हुआ है द बेडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन ने यह आदेश जारी कर दिया है कि आगामी ग्रांड टूर्नामेंट में सभी महिला खिलाडी स्कर्ट ही पहनेंगी, ताकि बेडमिंटन का प्रजेंटेशन आकर्षक हो। वे शॉर्ट्स पहनना चाहें तो वह उन्हें स्कर्ट के नीचे ही पहनना होगी। यह भी तो बाध्य करना हुआ। स्त्रियाँ क्या पहनें और कैसे रहें इसका फैसला दुनिया उन्हीं पर

क्यों नहीं छोड़ देती। स्त्रियों पर हर चीज लादी क्यों जाती है?

www.hamarivani.comरफ़्तार"><span title=रफ़्तार" title="रफ़्तार" border="0">

बुधवार, 13 अप्रैल 2011

कला, साहित्य, खेल शिक्षा हो हर चीज का मेल

भारतीय माँ-बाप और शिक्षक यहाँ तक कि भारतीय स्कूल- कॉलेजों के प्रबंधक भी पाठ्येतर गतिविधियों को बहुत कम महत्व देते हैं। हमारे यहाँ शिक्षा का मतलब सिर्फ अकादमिक पढ़ाई है। शिक्षा का मतलब छात्र-छात्रा के संपूर्ण व्यक्तित्व को निखारना बहुत ही कम लोग समझते हैं। संपूर्ण शिक्षा का मतलब सिर्फ कोर्स की पढ़ाई नहीं। खेलना, ज्ञान-विज्ञान, प्रयोग, परीक्षण, कलाबोध, कोर्स से इतर पुस्तकों का अध्ययन आदि कई चीजें इसमें आती हैं। मगर भारतीय माँ-बाप इन सब चीजों को समय की बर्बादी समझते हैं। अतः वे पाठ्येतर गतिविधियों में संलग्न होने वाले बच्चे को रोकते हैं। बच्चे के हाथ में उपन्यास है तो वे छीन लेते हैं, बल्ला छुपा देते हैं, खेलने आने वाले उनके साथियों को दरवाजे से ही भगा देते हैं। इस तरह वे बच्चे का नुकसान करते हैं।

बच्चों को खेलकूद में रुचि लेने देना चाहिए, क्योंकि खेल लद्दड़पन को तोड़ता है, आलस्य को डंडा मारकर भगा देता है, शरीर और मन दोनों में जोश का संचार करता है। खेलने के लिए शरीर और दिमाग का तालमेल चाहिए, खेलने से व्यक्ति का बैलेंस सुधरता है। निशाने के अभ्यास, कैच लेने, टोल मारने आदि से एकाग्रता बढ़ती है। यह सब बहुत फुर्ती से करना होता है अतः खिलाड़ी व्यक्ति में गजब का चौकन्नाापन होता है। सामूहिक खेल टीम-भावना का विकास करते हैं, जो आजकल के एकल परिवार और इकलौते बच्चों के कारण अलग से विकसित करना जरूरी हो गया है। टीम में खेलने वाले बच्चे "इक्कलखोरे" नहीं बनते, "बाँट-चूट के खाना बैकुंठ में जाना" वाली संस्कृति का हिस्सा बनते हैं। शारीरिक रूप से भी खेल स्टेमिना विकसित करते हैं, मांसपेशियाँ बनाते हैं, सही रक्त-संचार करते हैं। इसके अलावा दौड़ना, साइकल चलाना, तैरना जैसी गतिविधियाँ कार्डियो एक्सरसाइज भी हैं। ये व्यक्ति को तंदुरुस्त रखते हैं। खेलने वाले बच्चों में संघर्ष का माद्दा बनता है। खेलने वाले का मेटाबोलिज्म यानी चयापचय सुधरता है अतः ऐसे लोगों का शरीर कैलोरी बर्न करने में भी सुस्ती नहीं दिखाता। लिहाजा, मोटापा भी खिलाड़ियों से दूर रहता है और उत्साह उनकी शिराओं में हमेशा बहता है। खिलाड़ी कभी कंधे झुकाकर नहीं चलता। खेलने वाले व्यक्ति का पॉश्चर सुधरता है, वह सीधा तनकर उठता है, बैठता और चलता है जिससे उसके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास की प्रतीति होती है।

बच्चे यदि कोर्स से अलग किताबें पढ़ रहे होते हैं तो यह अच्छा ही है। इससे उनका भाषा-ज्ञान विकसित होगा, शब्द-विन्यास सुधरेगा और अभिव्यक्ति पुख्ता होगी। ज्ञान की शक्ति और स्वयं को उम्दा तरीके से अभिव्यक्त कर लेने की क्षमता उनके आत्मविश्वास में इजाफा करेगी। पढ़ने की आदत से उन्हें इंसानी मनोविज्ञान समझने में भी आसानी होगी। पुस्तकें उन्हें परिपक्व बनाएँगी। इसी तरह पेंटिंग आदि में रुचि व्यक्ति को तनावमुक्त तो करती ही है, उसमें कलाबोध भी विकसित होता है। कलाओं को सराहने और अपनाने वाले व्यक्ति में एक विशिष्ट नजर विकसित हो जाती है। पेंटिंग न सिर्फ प्रतियोगिताओं में जाने के लिए है, न सिर्फ पैसा कमाने के लिए है बल्कि यह तो आत्मा को तरबतर करने वाली विधाएँ हैं। इनसे यदि आने वाली पीढ़ी शुद्ध कला के दृष्टिकोण से भी जुड़ती है तो न सिर्फ उसका सौंदर्यबोध बढ़ता है, बल्कि उन्हें जीवन की सुंदरता को देखना आ जाता है, उनके व्यक्तित्व में आध्यात्मिक निखार भी आता है।

दरअसल, लोग हर चीज को बाजार और प्रतिस्पर्धा के तौर पर देखने लगे हैं। यह भौतिकतावादी नजर सामाजिक भ्रष्टाचार को बढ़ा रही है, क्योंकि भौतिकतावाद का बोलबाला यह भ्रम देता है कि पैसा बना लेने की क्षमता के अलावा और कोई चीज उपलब्धि है ही नहीं। जीवन में कई गतिविधियाँ ऐसी हैं, जो पैसा बनाएँ न बनाएँ, जीवन को सुंदर बनाती हैं। इन गतिविधियों के लिए न किसी को धोखा देने की जरूरत है, न किसी का ईमान खरीदने की, बस जीने की जरूरत है खूबसूरत ढंग से।

- निर्मला भुराड़िया